बीकानेर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल: पुलिस
बीकानेर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल: पुलिस
जयपुर, चार जुलाई (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में शुक्रवार रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इसके अनुसार यह हादसा एक तेज रफ्तार एसयूवी के पलटने के कारण हुआ। हादसा जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में उदासर फांटा के पास हुआ जब एसयूवी (फॉर्च्यूनर) बेकाबू होकर पलट गई और एक स्कूटी से टकरा गई।
थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि स्कूटी से टकराने से पहले वाहन ने एक गाय के भी कुचल दिया।
उन्होंने कहा, ‘शुरुआती जांच से पता चलता है कि वाहन चालक ने शायद पशु से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाए जिससे गाड़ी बेकाबू हो गई।’
मृतकों की पहचान पूगल के मानवेंद्र सिंह (32) और इंदिरा कॉलोनी के पुनीत चौधरी (23) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि गाड़ी से मिले कागज़ात से उनकी पहचान की पुष्टि हुई। घायल हुए स्कूटी सवार भूपेन राजपूत (19) को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा पृथ्वी रंजन
रंजन

Facebook


