मदुरै में अज्ञात गिरोह ने जमानत पर बाहर आए व्यक्ति की हत्या की
मदुरै में अज्ञात गिरोह ने जमानत पर बाहर आए व्यक्ति की हत्या की
मदुरै (तमिलनाडु), 29 जून (भाषा) मदुरै के विक्रमंगलम के पास अज्ञात हथियारबंद गिरोह ने कथित रूप से बदला लेने के उद्देश्य से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि वह व्यक्ति हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कलपुलिचनपट्टी गांव निवासी सिद्दीक के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सिद्दीक और उसके भाई को वर्ष 2024 में मुथैया नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। यह हत्या एक पारिवारिक समारोह के दौरान उपजे विवाद का नतीजा थी।
उसने बताया कि कुछ महीने पहले जमानत मिलने के बाद दोनों भाई अपने गांव लौटने से बचने के लिए कथित तौर पर छिपकर रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, यह हमला सोमवार रात मलैयूर के पास उस समय हुआ जब सिद्दीक दो अन्य युवकों के साथ पैदल जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात गिरोह ने सिद्दीक पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि, इस दौरान दोनों अन्य युवकों को भी चोटें आईं लेकिन वे वहां से भाग निकले। वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह भी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद विक्रमंगलम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मदुरै राजाजी सरकारी अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


