उप्र : महराजगंज में ट्रेलर की टक्कर से दंपति व बेटी की मौत
उप्र : महराजगंज में ट्रेलर की टक्कर से दंपति व बेटी की मौत
महराजगंज, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनकी नाबालिग बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा महराजगंज-निचलौल राज्य राजमार्ग पर बलुहीघुश गांव के पास हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान नौशाद (28), उसकी पत्नी सालेहा खातून (25) और उनकी सात वर्षीय बेटी शहजादी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दंपति अपनी बीमार बेटी को अस्पताल ले जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला और बच्ची ट्रेलर के नीचे आ गईं, जबकि पुरुष कई फुट दूर जा गिरा।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर सिंदुरिया थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा, “ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


