उप्र: एचपीसीएल के दो अधिकारियों की हत्या के मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी हटाए गए

उप्र: एचपीसीएल के दो अधिकारियों की हत्या के मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी हटाए गए

उप्र: एचपीसीएल के दो अधिकारियों की हत्या के मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी हटाए गए
Modified Date: March 15, 2026 / 06:31 pm IST
Published Date: March 15, 2026 6:31 pm IST

बदायूं, 15 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने बदायूं जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट में दो वरिष्ठ अधिकारियों की हाल ही में हुई हत्या के मामले में संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी को हटा दिया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश कठेरिया ने बताया कि उझानी के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया,“यूपी112 में ‘इमरजेंसी रिस्पॉन्स सर्विस’ में क्षेत्राधिकारी के तौर पर तैनात रहे राहुल पांडे को देवेंद्र सिंह जगह तैनात किया गया है।”

यह कार्रवाई राज्य सरकार द्वारा मूसाझाग थाना क्षेत्र के तहत सेजनी गांव स्थित प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह का तबादला किए जाने के एक दिन बाद की गई।

इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सरकार ने इस घटना की विस्तृत जांच करने के लिए बरेली के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया है।

मृतकों की पहचान प्लांट के उपमहाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता (58) और सहायक प्रबंधक हर्षित शर्मा (34) के रूप में हुई है, जिनकी इस सप्ताह की शुरुआत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी अजय प्रताप के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

सेजनी गांव में प्रताप के स्वामित्व वाली छह दुकानों पर नोटिस चस्पा किये गए हैं, जो सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करके बनाई गई पाई गईं।

अधिकारियों ने बताया कि उचित प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन दुकानों को गिराने की कार्रवाई की जा सकती है।

इस घटना के मद्देनजर अधिकारियों ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्लांट परिसर के अंदर एक चौकी स्थापित करने का भी फैसला किया है, जहां दो उपनिरीक्षकों और आठ पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

भाषा सं सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में