उप्र : रक्षा मंत्रालय की 850 एकड़ खाली जमीन पर 250 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होगा

Ads

उप्र : रक्षा मंत्रालय की 850 एकड़ खाली जमीन पर 250 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होगा

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 04:11 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 04:11 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में रक्षा मंत्रालय की करीब 850 एकड़ खाली जमीन पर 250 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र को स्थापित करने की मंजूरी दे दी है।

रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को इस परियोजना को नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और रक्षा क्षेत्र की खाली पड़ी जमीनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में एक ‘बड़ा कदम’ करार दिया।

मंत्रालय द्वारा शुरू की गई यह अपनी तरह की पहली परियोजना है, जिसमें रक्षा भूमि पर एकीकृत बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) के साथ बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा उत्पादन संयंत्र का विकास किया जाएगा।

एक बयान में कहा गया कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, स्थिरता और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इसमें कहा गया, ‘‘रक्षा बलों के लिए दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के अलावा, इस परियोजना से रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए पारंपरिक ग्रिड से बिजली की खरीद पर होने वाले खर्च में काफी कमी आने की उम्मीद है, जिसके परिणामस्वरूप परियोजना के पूरे समय में सरकारी खजाने को महत्वपूर्ण बचत होगी।’’

बयान में कहा गया कि एनटीपीसी लिमिटेड रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए सबसे अनुकूल ऊर्जा मूल्य निर्धारण और बचत हासिल करने के लिए एक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से परियोजना को लागू कर रही है।

बयान के मुताबिक यह परियोजना रक्षा मंत्रालय (सेना) के एकीकृत मुख्यालय और रक्षा संपदा महानिदेशालय (डीजीडीई) के समन्वय में कार्यान्वित की जाएगी।

इसमें कहा गया, ‘‘ यह परियोजना राष्ट्रीय सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीकी नवाचार और पर्यावरणीय स्थिरता के संगम का प्रतिनिधित्व करती है, जो रणनीतिक हितों की रक्षा करते हुए राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों के समर्थन में अपनी संपत्तियों का लाभ उठाने के लिए रक्षा मंत्रालय की प्रतिबद्धता को उजागर करती है।’’

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश