उत्तराखंड : टिहरी में अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों का वाहन खाई में गिरा, आठ की मौत
उत्तराखंड : टिहरी में अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों का वाहन खाई में गिरा, आठ की मौत
नयी टिहरी, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले के चंबा क्षेत्र में एक मैक्स वाहन के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल गांव के पास अपराह्न करीब सवा दो बजे यह हादसा हुआ जब वाहन अचानक अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल 10 लोग सवार थे।
उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के निवासी थे और संपत लाल (65) के शव का हरिद्वार में अंतिम संस्कार करने के बाद वापस लौट रहे थे।
जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव एवं राहत कार्य चलाया।
मृतकों में संपत लाल का पुत्र प्रेम लाल (36) और वाहन चालक शिव सिंह (35) भी शामिल हैं। अन्य पांच मृतकों की पहचान आशा लाल (40), विजय लाल (36), महावीर (60), सेहत लाल (65) और लक्ष्मण (33) के रूप में की गयी है जबकि एक मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पायी है।
हादसे में घायल हुए दो व्यक्तियों को टिहरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अमित राय ने बताया कि उनकी हालत खतरे से बाहर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
धामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
भाषा
सं, दीप्ति रवि कांत

Facebook


