पूर्व फुटबॉलर विजयन ने विस चुनाव लड़ने को लेकर विभिन्न दलों के प्रस्ताव ठुकराने का दावा किया

पूर्व फुटबॉलर विजयन ने विस चुनाव लड़ने को लेकर विभिन्न दलों के प्रस्ताव ठुकराने का दावा किया

पूर्व फुटबॉलर विजयन ने विस चुनाव लड़ने को लेकर विभिन्न दलों के प्रस्ताव ठुकराने का दावा किया
Modified Date: March 14, 2026 / 07:52 pm IST
Published Date: March 14, 2026 7:52 pm IST

त्रिशूर, 14 मार्च (भाषा) भारत के पूर्व फुटबॉलर आई एम विजयन ने शनिवार को दावा किया कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने उनसे आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिये संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने उन प्रस्तावों को ठुकरा दिया।

हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिये प्रस्ताव मिलता है, तो वह इसे स्वीकार करने पर विचार करेंगे।

विजयन ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने हाल ही में उन्हें त्रिशूर से चुनाव लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का टिकट देने की पेशकश की थी।

उन्होंने बताया कि नयी दिल्ली से भाजपा के एक प्रतिनिधि ने भी उनसे मुलाकात की थी और उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा था। विजयन ने कहा कि कांग्रेस और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से भी इसी तरह के प्रस्ताव आए थे।

उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें इसलिए अस्वीकार कर दिया, क्योंकि मैं सभी लोगों का प्यार चाहता हूं। मैं किसी भी पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध नहीं हूं। मैं सबको चाहता हूं।”

उन्होंने कहा कि हर चुनाव के दौरान राजनीतिक हलकों में उनके नाम की चर्चा होती है। विजयन ने बताया कि उन्हें के. करुणाकरण सरकार के कार्यकाल के दौरान केरल पुलिस में नौकरी मिली थी।

बाद में, उनका फुटबॉल करियर समाप्त होने के बाद, माकपा के मंत्री कोडियेरी बालकृष्णन ने उन्हें पुलिस सेवा में बहाल किया था।

उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने ही उन्हें पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया था।

उन्होंने कहा, “तीनों मोर्चों ने मेरी मदद की है। मैं किसी एक पार्टी के साथ खड़ा नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा कि वह एथलीट पी टी उषा की तरह राज्यसभा का सदस्य बनाए जाने को स्वीकार करेंगे।

उन्होंने कहा, “मुझे इसमें कोई राजनीति नहीं दिखती। मैं उषा की तरह खेलों के लिए काम कर सकता हूं।”

विजयन एक स्टार फुटबॉलर थे, जिन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में