युद्ध केवल मानवता की भलाई के लिए होना चाहिए: आरएसएस

युद्ध केवल मानवता की भलाई के लिए होना चाहिए: आरएसएस

युद्ध केवल मानवता की भलाई के लिए होना चाहिए: आरएसएस
Modified Date: March 2, 2026 / 07:11 pm IST
Published Date: March 2, 2026 7:11 pm IST

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने सोमवार को विश्व में शांति का आह्वान करते हुए कहा कि युद्ध केवल मानवता की भलाई और सत्य के लिए होना चाहिए, न कि ‘‘स्वार्थ’’ सिद्धि के लिए।

आरएसएस के राष्ट्रीय प्रचार एवं मीडिया विभाग के प्रमुख सुनील आंबेकर ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के कारण विदेशों में विभिन्न स्थानों पर फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।

अमेरिका और इजराइल ने सप्ताहांत में ईरान पर समन्वित हमले किए थे, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई अन्य शीर्ष नेता मारे गए। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी क्षेत्र में इजराइल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलें दागीं, साथ ही दुबई को भी निशाना बनाया।

मौजूदा हालात पर आंबेकर ने कहा, ‘‘दुनिया में बहुत कुछ हो रहा है। युद्ध हो रहे हैं। अगर इनका शांतिपूर्ण समाधान निकल आए तो निश्चित रूप से अच्छा होगा। भारत हमेशा से दुनिया में शांति और प्रगति चाहता है।’’

आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ‘‘अगर कोई युद्ध होता है, तो वह मानवता की भलाई और सत्य के लिए होना चाहिए, न कि स्वार्थ सिद्धि के लिए… हम चाहते हैं कि पूरी दुनिया में शांति स्थापित हो।’’

आंबेकर ने पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात के चलते विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध के कारण भारतीय दुनिया के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं।… मेरी कामना है कि वे जल्द से जल्द इस संकट से बाहर निकल जाएं और उन्हें राहत मिले।’’

ईरान में लगभग 10,000 भारतीय नागरिक रहते हैं, जिनमें छात्र भी शामिल हैं। वहीं, इजराइल में 40,000 से अधिक भारतीय नागरिक रहते हैं। खाड़ी देशों और पश्चिम एशिया में रहने वाले भारतीयों की संख्या लगभग 90 लाख है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में