कोलकाता, नौ जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि राज्य विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन के मामले में दूसरे राज्यों से पीछे है।
उन्होंने कहा कि राजनीति चुनाव के समय की जा सकती है, लेकिन बाकी समय विकास कार्यों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
भाजपा का आरोप है कि 34 वर्षों तक शासन करने वाले वाम मोर्चा और 15 वर्षों तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने विकास के बजाय राजनीति को प्राथमिकता दी, जिसके कारण राज्य कई मानकों पर पिछड़ गया, जबकि देश के अन्य हिस्सों ने प्रगति की।
एक प्रशासनिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य केंद्रीय परियोजनाओं को लागू करने, बुनियादी ढांचे के विकास और लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में पीछे रह गया है।
उन्होंने कहा, “चुनाव के दौरान राजनीति होगी, लेकिन बाकी समय विकास कार्य होना चाहिए।”
पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में माहौल इस कदर राजनीतिक हो गया था कि “थाने पार्टी कार्यालय बन गए थे और पंचायत कार्यालय कट-मनी वसूली केंद्रों में बदल गए थे।”
अधिकारी ने कहा कि तृणमूल शासन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
उन्होंने कहा, “हम पश्चिम बंगाल को उस स्थिति से बाहर निकालना चाहते हैं, कानून के शासन को स्थापित करना चाहते हैं, न कि शासक के कानून को।”
भाषा जोहेब माधव
माधव