(फाइल फोटो के साथ)
श्रीनगर, नौ जून (भाषा) नेशनल कांन्फ्रेंस (नेकां) के बागी नेता और श्रीनगर से सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने मंगलवार को कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के लिए राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर संसद के मानसून सत्र के पहले दिन नेकां द्वारा आयोजित प्रदर्शन में शामिल होंगे।
उन्होंने पुलवामा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से वहां (प्रदर्शन में) जाऊंगा। वे (नेकां नेतृत्व) राज्य का दर्जा बहाल करने की बात करेंगे और मैं अनुच्छेद-370 तथा अन्य संवैधानिक गारंटियों की बहाली की बात करूंगा, जिनके लिए जम्मू-कश्मीर के लोगों ने हमें वोट दिया था।’’
मेहदी से संवाददाताओं ने पूछा था कि क्या वह पार्टी के प्रदर्शन में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा तीन जून को बुलाई गई सत्तारूढ़ दल के विधायकों की बैठक में नेशनल कांन्फ्रेंस ने राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था।
मेहदी ने कहा, ‘‘मै आशा करता हूं कि यह विरोध प्रदर्शन लोगों की आवाज दबाने के लिए एक दिन का आयोजन न हो। यह उन संवैधानिक सुरक्षा और संरक्षणों की बहाली के लिए एक निरंतर एवं संगठित संघर्ष होना चाहिए, जो 2019 में हमसे छीन लिए गए थे।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत राजकुमार
राजकुमार