देहरादून में एक महिला चिकित्सक ने खुदकुशी की

देहरादून में एक महिला चिकित्सक ने खुदकुशी की

देहरादून में एक महिला चिकित्सक ने खुदकुशी की
Modified Date: March 26, 2026 / 03:41 pm IST
Published Date: March 26, 2026 3:41 pm IST

देहरादून (उत्तराखंड), 26 मार्च (भाषा) देहरादून में श्री गुरु राम राय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान संस्थान में ‘मास्टर ऑफ सर्जरी’ (एमएस) कर रही एक महिला चिकित्सक ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।

उसने बताया कि हरियाणा के अंबाला की रहने वाली 25 वर्षीय डॉ तन्वी को उनके पिता डॉ ललित मोहन ने बुधवार तड़के यहां कारगी रोड पर खड़ी अपनी कार में बेहोश देखा जिसके बाद वह उन्हें अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, नेत्र चिकित्सा में एमएस कर रही डॉ तन्वी यहां अपनी मां के साथ किराए के मकान में रह रही थीं।

पुलिस के अनुसार मंगलवार रात डॉ तन्वी ने संदेश भेजकर अपनी मां को बताया कि वह अस्पताल से रात साढ़े 12 बजे तक घर पहुंचेगीं लेकिन जब काफी देर तक वह घर न पहुंचीं और उन्होंने फोन भी न उठाया तब मां ने अंबाला में रहने वाले उनके पिता को सूचना दी।

पुलिस का कहना है कि डॉ तन्वी के पिता रात में ही कार से यहां पहुंचे और उसकी मां के साथ उन्हें ढूंढने निकल पड़े।

पुलिस ने बताया कि रास्ते में उन्हें तन्वी की कार दिखी जिसमें वह बेहोश नजर आयीं।

पुलिस के अनुसार किसी तरह उसके पिता ने पत्थर मार कर कार का शीशा तोड़ा और उन्हें बाहर निकाल कर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।

तन्वी के पिता ने आरोप लगाया है कि नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष उसका मानसिक उत्पीड़न कर रही थीं जिसके कारण उनकी बेटी को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा । उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है ।

पुलिस को कार में से इंजेक्शन की कुछ खाली शीशियां बरामद हुई हैं । पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है । प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डॉ तन्वी काफी समय से अवसाद में थीं और इसी वजह से उनकी मां अंबाला से यहां आकर उनके साथ रह रही थीं ।

भाषा दीप्ति राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में