भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री होने को लेकर मोदी को विश्व के नेताओं ने दी बधाई

भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री होने को लेकर मोदी को विश्व के नेताओं ने दी बधाई

भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री होने को लेकर मोदी को विश्व के नेताओं ने दी बधाई
Modified Date: June 9, 2026 / 09:00 pm IST
Published Date: June 9, 2026 9:00 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सबसे लंबे समय तक भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री होने की उपलब्धि हासिल करने पर दुनिया भर के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि विश्व भर के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘‘परिवर्तनकारी शासन’’, ‘ग्लोबल साउथ’ को उनके समर्थन तथा एक समावेशी और आर्थिक रूप से आगे बढ़ रहे भारत के लिए उनके दृष्टिकोण की सराहना की।

‘ग्लोबल साउथ’ से तात्पर्य उन देशों से है जिन्हें अक्सर विकासशील, कम विकसित या अविकसित के रूप में जाना जाता है, ये मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका में स्थित हैं।

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका ने एक पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी को श्रीलंका सरकार और अपने देश के लोगों की ओर से हार्दिक बधाई दी।

दिसानायका ने कहा, ‘‘यह उपलब्धि न केवल आपके वर्षों के कार्यकाल का प्रमाण है, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा आपके नेतृत्व पर बार-बार जताए गए विश्वास और भरोसे का भी प्रमाण है।’’

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने भारत के उल्लेखनीय आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन पर भी प्रकाश डाला और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण ने श्रीलंका सहित भारत की सीमाओं से परे भी कई लोगों को प्रेरित किया है।

पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक व्यक्तिगत वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को ‘‘एक आदर्श और नेतृत्व का उदाहरण’’ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘20 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से निकालकर बेहतर जीवन की ओर ले जाना एक अद्भुत उपलब्धि है।’’

प्रधानमंत्री मारापे ने पापुआ न्यू गिनी की हार्दिक मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की।

त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मामलों पर एक अग्रणी आवाज के रूप में उभरा है।

उन्होंने मोदी की साधारण शुरुआत से लेकर तीन कार्यकालों में 1.4 अरब लोगों के राष्ट्र का नेतृत्व करने तक की यात्रा को रेखांकित किया तथा विदेश नीति, आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे और सामाजिक-आर्थिक विकास में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख किया।

मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ था। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनावों में एक और निर्णायक जीत के बाद, मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।

भाषा सुभाष प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में