शिमला, 24 मई (भाषा) भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई ने रविवार को आगामी जिला परिषद चुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरने वाले 28 पदाधिकारियों को उनके संगठनात्मक दायित्वों से मुक्त कर दिया।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
भाजपा के अनुसार, पदमुक्त किए गए व्यक्तियों ने अधिकृत भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ जिला परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
ठाकुर ने एक बयान में कहा, “कोई भी व्यक्ति दलीय अनुशासन और संगठनात्मक मूल्यों से ऊपर नहीं हो सकता। भाजपा एक कैडर-आधारित वैचारिक संगठन है जहां अनुशासन और प्रतिबद्धता सर्वोपरि हैं। आधिकारिक रूप से घोषित भाजपा उम्मीदवारों के विरुद्ध चुनाव लड़ना दलीय अनुशासन और संगठनात्मक नैतिकता का गंभीर उल्लंघन है।”
उन्होंने कहा, “यह कार्रवाई संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने और यह स्पष्ट संदेश देने के लिए की गई है कि पार्टी के हित सर्वोपरि हैं।”
हिमाचल प्रदेश में ग्राम पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होंगे, जिनमें 21,654 ग्राम पंचायत सदस्यों, 3,754 प्रधानों और 3,754 उप-प्रधानों, 1,679 पंचायत समिति सदस्यों और 251 जिला परिषद सदस्यों सहित 31,182 पदों के लिए मतदान होगा।
ग्राम पंचायतों, प्रधान और उप-प्रधान चुनाव के परिणाम मतदान के दिन घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल