आंध्र प्रदेश सरकार ने इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट जारी किया, हवाई अड्डों पर निगरानी तेज

आंध्र प्रदेश सरकार ने इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट जारी किया, हवाई अड्डों पर निगरानी तेज

आंध्र प्रदेश सरकार ने इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट जारी किया, हवाई अड्डों पर निगरानी तेज
Modified Date: May 24, 2026 / 05:48 pm IST
Published Date: May 24, 2026 5:48 pm IST

अमरावती, 24 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने रविवार को कहा कि अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला वायरस के प्रसार और बढ़ती मौतों को देखते हुए राज्य सरकार हाई अलर्ट पर है और एहतियाती उपाय शुरू किए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि एहतियाती उपायों में प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की चिकित्सा जांच और राज्य में किसी भी संभावित संक्रमण को रोकने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों को मजबूत करना शामिल है।

यादव ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘सरकार हाई अलर्ट पर है, आवश्यक एहतियाती उपाय शुरू कर दिए गए हैं, और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग इबोला के संबंध में किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।’’

मंत्री ने उल्लेख किया कि कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान जैसे देशों में इबोला के मामले और मौतें दर्ज की जा रही हैं, और कहा कि आंध्र प्रदेश केंद्र एवं अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियों द्वारा जारी सलाह, दिशानिर्देशों और सिफारिशों के अनुरूप कार्य कर रहा है।

यादव के अनुसार, विशाखापत्तनम, तिरुपति और विजयवाड़ा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर आने वाले यात्रियों और पर्यटकों की यात्रा इतिहास के आधार पर जांच करने के लिए हवाई अड्डा अधिकारियों और जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के बीच समन्वित कार्रवाई शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि लक्षण दिखने वाले व्यक्तियों को तुरंत पृथकवास में भेजा जाएगा, जबकि संदिग्ध मामलों के संपर्क में आए लोगों की भी चिकित्सा जांच की जाएगी।

भाषा शफीक धीरज

धीरज


लेखक के बारे में