महाराष्ट्र विधानसभा में मुंबई के मुद्दों पर चर्चा के दौरान बीएमसी अधिकारी अनुपस्थित, विधायक नाराज
महाराष्ट्र विधानसभा में मुंबई के मुद्दों पर चर्चा के दौरान बीएमसी अधिकारी अनुपस्थित, विधायक नाराज
मुंबई, तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा में शुक्रवार को मुंबई से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के दौरान बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्यों ने विरोध जताया और इसे सदन का अपमान बताया।
भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह स्वीकार्य नहीं है कि मुंबई से जुड़े मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा हो रही हो और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद न हो।
उन्होंने कहा कि पहले भी आपत्ति जताए जाने के बावजूद, मौजूदा सत्र के दौरान महानगरपालिका के अधिकारी बार-बार कार्यवाही में शामिल होने में विफल रहे हैं।
भाजपा विधायक अमित साटम और कांग्रेस विधायक असलम शेख ने भी बीएमसी अधिकारियों की अनुपस्थिति की आलोचना की।
सदन के दोनों पक्षों के सदस्यों ने विरोध जताया और कहा कि नगर प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के दौरान अधिकारियों का मौजूद रहना जरूरी है, ताकि सवालों के जवाब दिए जा सकें और आवश्यक जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जा सके। विरोध के कारण कुछ समय के लिए सदन की कार्यवाही बाधित हुई।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि जब विधानसभा में मुंबई से जुड़े मुद्दों पर चर्चा शुरू हुई, उस समय बीएमसी अधिकारी विधान परिषद की कार्यवाही में मौजूद थे।
उन्होंने विधानसभा को आश्वासन दिया कि अधिकारियों को तुरंत बुलाया जाएगा। इसके कुछ ही देर बाद बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी विधानसभा पहुंच गए, जिसके बाद कार्यवाही फिर से शुरू हुई।
इस सप्ताह की शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अधिकारियों की दीर्घा में महानगरपालिका अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी आपत्ति जताई थी और कहा था कि वह शहरी विकास सचिव को नोटिस जारी कर रहे हैं।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश

Facebook


