मुंबई के कुर्ला में मकानों पर गिरी क्रेन, आठ लोग घायल
मुंबई के कुर्ला में मकानों पर गिरी क्रेन, आठ लोग घायल
मुंबई, 21 अगस्त (भाषा) मुंबई के कुर्ला पूर्व इलाके में शुक्रवार तड़के एक क्रेन के मकानों पर गिरने से आठ लोग घायल हो गए। एक नगर निकाय अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ, जब वहां ‘बेदखली अभियान’ की तैयारियां चल रही थीं।
अधिकारी के अनुसार, यह घटना तड़के करीब तीन बजे इंदिरा नगर स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के पीछे बने म्हाडा (महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण) की इमारत बुन्तारा भवन में हुई। हादसे का असर इलाके में मालगाड़ियों की आवाजाही पर भी पड़ा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एल वार्ड के कर्मचारियों ने बताया कि आवास निकाय म्हाडा वहां ‘बेदखली और तोड़फोड़ अभियान’ शुरू करने की तैयारी कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि अभियान में क्रेन की मदद ली जानी थी, तभी वह अचानक पलटकर आसपास के घरों पर गिर गई, जिससे आठ लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों में से छह को नगर निगम द्वारा संचालित सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य को कुर्ला स्थित भाभा अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है।
अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड कर्मचारियों को मौके पर तैनात किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि क्रेन का एक हिस्सा बिजली के तारों पर गिर गया जिससे मध्य रेलवे की कुर्ला-ट्रॉम्बे एकल लाइन पर मालगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई।
भाषा शोभना सिम्मी
सिम्मी

Facebook


