मुंबई में मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़: 100 करोड़ रुपये की एमडी बनाने का कच्चा माल जब्त

मुंबई में मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़: 100 करोड़ रुपये की एमडी बनाने का कच्चा माल जब्त

मुंबई में मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़: 100 करोड़ रुपये की एमडी बनाने का कच्चा माल जब्त
Modified Date: May 12, 2026 / 12:44 pm IST
Published Date: May 12, 2026 12:44 pm IST

ठाणे, 12 मई (भाषा) मुंबई में मादक पदार्थों के एक निर्माण नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार लाख रुपये मूल्य का कच्चा माल और रसायन जब्त किया है, जिससे 100 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन (एमडी) तैयार की जा सकती थी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने दावा किया कि इस कार्रवाई के जरिए तस्करों के उस मंसूबे पर पानी फेर दिया गया है, जिसके तहत बाजार में भारी मात्रा में ‘कृत्रिम मादक पदार्थ’ खपाने की तैयारी थी।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले महीने की शुरुआत में मेफेड्रोन तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू हुई थी। इसी कड़ी में हाल ही में मुंबई के मालवणी (सामान नगरी और आजमी नगर) और गोराई (मौज मनोरी) से रसायन और निर्माण उपकरण जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत चार लाख रुपये है।

मीरा भायंदर-वसई विरार अपराध इकाई के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडाख ने दावा किया कि तैयार उत्पाद के रूप में इनका संभावित बाजार मूल्य 100 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे ने कहा, ‘अगर पुलिस जांच को केवल गिरफ्तारियों तक सीमित रखती और जांच नहीं करती, तो इस कच्चे माल को तैयार एमडी में बदल दिया जाता और तस्करों के माध्यम से वितरित किया जाता।’

अधिकारी ने बताया कि अब तक पुलिस ने 13.61 करोड़ रुपये मूल्य की 6.773 किलोग्राम एमडी जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई वस्तुओं में 255 लीटर औषधीय रसायन, सोडियम हाइड्रोक्साइड पैलेट्स, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, क्लोरोफॉर्म और प्रयोगशाला के विशेष उपकरण जैसे हीटिंग मेंटल और फ्लास्क शामिल हैं।

कुल बरामदगी की कीमत 13.65 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो महिलाओं समेत कुल 13 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है।

अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई चार अप्रैल को शुरू हुई थी, जब ठाणे जिले के मीरा रोड के नयानगर इलाके में छापेमारी के दौरान फिरदौस अरबाज कुरैशी नामक महिला से 2.66 करोड़ रुपये मूल्य की 1.32 किलोग्राम एमडी बरामद हुई थी।

फिरदौस और उसके पति अरबाज वकील कुरैशी से पूछताछ के बाद इस बड़े गिरोह का खुलासा हुआ।

आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में