फडणवीस ने नवीनीकृत जवाहर बालभवन का उद्घाटन किया, विज्ञान पार्क से जुड़ी योजनाओं की घोषणा की
फडणवीस ने नवीनीकृत जवाहर बालभवन का उद्घाटन किया, विज्ञान पार्क से जुड़ी योजनाओं की घोषणा की
मुंबई, 25 मई (भाषा) मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को दक्षिण मुंबई में महाराष्ट्र राज्य जवाहर बालभवन की नवीनीकृत इमारत का उद्घाटन किया और घोषणा की कि इसके परिसर में एक ‘खुला विज्ञान पार्क’ स्थापित किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को नगर निगम के अधिक से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को बालभवन से जोड़ने की पहल करनी चाहिए ताकि उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि बच्चों में रचनात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चर्नी रोड क्षेत्र में स्थित संस्थान के परिसर में एक खुला विज्ञान पार्क विकसित किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि बालभवन केवल एक इमारत नहीं बल्कि एक प्रेरणादायक संस्थान है जो लाखों बच्चों के सपनों को साकार करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘नया भवन महाराष्ट्र के बच्चों की रचनात्मकता को नई उड़ान देगा। बालभवन में बच्चों को खेल, गायन, नृत्य, चित्रकला, मूर्तिकला और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वयं को खोजने का अवसर मिलता है।’’
उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों से यह संस्थान बच्चों को मिट्टी, रंगों और संगीत से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भूसे ने कहा कि बालभवन ने चार से 16 वर्ष की उम्र के बच्चों में कल्पना और रचनात्मकता को पोषित करने के लिए लगातार काम किया है।
भाषा संतोष मनीषा
मनीषा

Facebook


