मेरे पंख नहीं हैं, इसलिए उन्हें काटने का सवाल ही नहीं उठता: फडणवीस
मेरे पंख नहीं हैं, इसलिए उन्हें काटने का सवाल ही नहीं उठता: फडणवीस
मुंबई, 28 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को शिवसेना (उबाठा) के नेता उद्धव ठाकरे की ‘ऑपरेशन देवेंद्र’ वाली टिप्पणी को तवज्जो न देते हुए कहा कि उनके पास राज्य के 14 करोड़ लोगों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद है, इसलिए कोई भी उनके पंख नहीं काट सकता।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने पूर्व सहयोगी और अब प्रतिद्वंद्वी उद्धव ठाकरे के साथ मुंबई से नागपुर के लिए एक ही विमान में यात्रा करने के बाद शुरू हुईं राजनीतिक अटकलों को भी खारिज कर दिया और इसे महज एक ‘इत्तेफाक’ बताया।
राज्य के राजनीतिक हलकों में चल रही कयासबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा, ‘यह महज एक इत्तेफाक था। दो नेताओं का एक ही विमान में सफर करने में कुछ भी असामान्य नहीं है। कभी-कभी मुझे आश्चर्य होता है कि हम राजनीति में हैं या ‘वेड्यांचा बाजार’ (पागलों के बाजार) में।’
फडणवीस ने ठाकरे की ‘ऑपरेशन देवेंद्र’ वाली टिप्पणी को भी खारिज करते हुए तंज कसा कि चूंकि उनके पंख ही नहीं हैं, इसलिए कोई उन्हें काट भी नहीं सकता।
वाढवण बंदरगाह और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के लिए पालघर जिले के दौरे के बाद फडणवीस ने संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।
उद्धव ठाकरे ने शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए यह कहकर सियासी हलचल पैदा कर दी थी कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ वास्तव में ‘ऑपरेशन देवेंद्र’ था, जिसका उद्देश्य महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का कद छोटा करना था, ताकि वह (भविष्य में) प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल न हो सकें।
ठाकरे की इस टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘मेरे लिए राजनीतिक मुद्दे गौण हैं। मेरा पूरा ध्यान विकास पर है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं एक इंसान हूं। मेरे पंख नहीं हैं, तो उन्हें कौन काट सकता है? मुझे महाराष्ट्र के 14 करोड़ लोगों और अपने वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।’
‘ऑपरेशन टाइगर’ शिवसेना (उबाठा) में फूट डालने के लिए दिया गया एक कूट नाम (कोडनेम) है, जिसके तहत पिछले सप्ताह उसके नौ लोकसभा सदस्यों में से छह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए थे।
शुक्रवार को उद्धव ठाकरे के साथ एक ही विमान में सफर करने पर मची राजनीतिक सरगर्मी पर फडणवीस ने आश्चर्य व्यक्त किया।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


