धोखाधड़ी से शादी कर कई महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार
धोखाधड़ी से शादी कर कई महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार
ठाणे, नौ जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में महिलाओं को फर्जी विवाह और विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगने के आरोप में 37 वर्षीय एक व्यक्ति को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान तेलंगाना निवासी सुरेश रविंद्र के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर विभिन्न महिलाओं से कुल 90 लाख रुपये की ठगी की।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को उसके खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर रूस से लौटने के बाद नयी दिल्ली हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, ठाणे की एक महिला ने पिछले महीने कसारवडावली पुलिस थाने में रविंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने एक ‘मैट्रिमोनियल पोर्टल’ के माध्यम से उससे संपर्क किया और विवाह प्रस्ताव स्वीकार किए जाने के बाद मंदिर में फर्जी शादी रचाई।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे ऑस्ट्रेलिया या रूस में नौकरी दिलाने का वादा कर 48 लाख रुपये ले लिए।
कसारवडावली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक निवृत्ति कोल्हटकर ने कहा, ‘‘आरोपी ने यह पैसा भारत और विदेश में महंगी यात्राओं, पब और होटलों पर खर्च किया। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसने उसके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी दी।’’
कोल्हटकर ने बताया कि 11 मई को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (धोखाधड़ी), 316 (आपराधिक विश्वासघात), 82 (द्विविवाह) और 77 के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि आरोपी तेलंगाना के अल्लापुर पुलिस थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी वांछित था। उस पर शादी के बाद एक महिला से 15 लाख रुपये की ठगी करने और उसके मित्रों को यूरोप में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 18 लाख रुपये ठगने का आरोप है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी पर विशाखापत्तनम की एक महिला से नौ लाख रुपये की ठगी करने का भी आरोप है। गिरफ्तारी के समय वह कथित तौर पर एक अन्य महिला को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था।
कोल्हटकर ने कहा, ‘‘आरोपी को एक जून को दिल्ली में आव्रजन अधिकारियों ने हिरासत में लिया था और हमारी टीम ने दो जून को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। उसे नौ जून तक पुलिस हिरासत में भेजा गया था।’’
उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य महिला के साथ भी आरोपी ने इसी तरह की ठगी की है तो वह कसारवडावली पुलिस से संपर्क कर सकती है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


