मराठी गायक ने जबरन वसूली की शिकायत दर्ज कराई, ठाणे अपराध शाखा करेगी जांच

Ads

मराठी गायक ने जबरन वसूली की शिकायत दर्ज कराई, ठाणे अपराध शाखा करेगी जांच

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:30 PM IST

ठाणे, 24 मई (भाषा) मराठी गायक आनंद प्रह्लाद शिंदे ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक महिला, उसके भाई और उसकी मां ने यौन शोषण के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर उनसे जबरन वसूली की है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह मामला जांच के लिए ठाणे अपराध शाखा को सौंपा गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शिकायत के आधार पर कहा, ‘‘64 वर्षीय गायक ने बताया कि कथित जबरन वसूली और उत्पीड़न दिसंबर 2023 से किया जा रहा था।’’

डोम्बिवली के मानपाडा थाने में शिंदे द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, एक महिला और उसकी मां पहली बार उनके घर पर उनसे मिलीं तथा उनके संगीत कार्यक्रमों में नर्तकी के रूप में प्रदर्शन करने का अवसर मांगा। इसके बाद, गायक से महिला की मुलाकात विभिन्न गायन और नृत्य कार्यक्रमों के दौरान हुई।

अधिकारी ने शिकायत के हवाले से बताया कि महिला, उसकी मां और उसके भाई ने बाद में पुणे में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें गायक पर यौन शोषण का आरोप लगाया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद तीनों ने शिंदे से संपर्क किया और शिकायत वापस लेने के बदले पुणे में एक फ्लैट और 50 लाख रुपये की नकदी की मांग की।

अधिकारी ने बताया कि पुणे में हुई बाद की समझौता बैठकों के दौरान आरोपियों ने रकम घटाकर 25 लाख रुपये कर दी।

उन्होंने प्राथमिकी के हवाले से कहा, ‘‘आरोपियों ने 20 मई, 2026 को शुरुआत में एक लाख रुपये लिए और 22 मई को शेष 24 लाख रुपये की मांग आक्रामक तरीके से की।’’

मानपाडा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शनिवार को जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘जांच ठाणे शहर अपराध शाखा के जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ को सौंप दी गई है।’’

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल