ताडोबा-अंधारी बाघ अभयारण्य के ऑनलाइन सफारी बुकिंग में हुई बढ़ोतरी: अधिकारी
ताडोबा-अंधारी बाघ अभयारण्य के ऑनलाइन सफारी बुकिंग में हुई बढ़ोतरी: अधिकारी
नागपुर, 29 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र स्थित ताडोबा-अंधारी बाघ अभयारण्य (टीएटीआर) ने 2025-26 में 3.76 लाख ऑनलाइन सफारी बुकिंग दर्ज करते हुए भारत के प्रमुख वन्यजीव स्थलों में से एक के रूप में अपनी स्थिति को फिर से मजबूत किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह आंकड़ा पिछले वर्ष की 3.67 लाख ऑनलाइन सफारी बुकिंग से अधिक है।
अभयारण्य के क्षेत्र निदेशक प्रभुनाथ शुक्ला ने मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि चंद्रपुर जिला स्थित इस अभयारण्य ने पारदर्शिता बढ़ाने और सफारी के अनुभव को समृद्ध करने के मकसद से आगंतुकों के अनुकूल कई सुधार पेश किए हैं।
उन्होंने ऑनलाइन सफारी बुकिंग में हुई बढ़ोतरी के लिए उठाए गए कदमों को समझाते हुए कहा कि एक नए सिरे से तैयार की गई आधिकारिक वेबसाइट अब गेट की जानकारी, दिशानिर्देश प्रदान करती है और सहायता के लिए एक ‘टाइगर टॉक’ ‘चैटबॉट’ भी उपलब्ध है, जबकि बुकिंग में होने वाली धोखाधड़ी को रोकने के लिए सफारी की दरें और नियम प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाते हैं।
अधिकारी ने बताया कि अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक सफारी वाहन में ‘ताडोबा डायरी’ और वन्यजीव ‘ब्रोशर’ उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन विभिन्न उपायों के साथ टीएटीआर इस संरक्षण को सर्वोपरि रखते हुए एक सहज और पारदर्शी वन्यजीव पर्यटन अनुभव प्रदान करने का प्रयास कर रहा है।
भाषा यासिर सुरभि
सुरभि

Facebook


