पुणे, नौ जून (भाषा) पुणे को जलापूर्ति करने वाले जलाशय में जलस्तर घट जाने तथा वर्षा औसत से कम होने की उम्मीद के मद्देनजर शहर में 15 जून से एक-एक दिन के अंतराल पर पानी मिलने की संभावना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुणे नगर निगम (पीएमसी) के क्षेत्रों के साथ-साथ दोनों छावनी बोर्डों में भी पानी की कटौती हो सकती है।
महापौर मंजुषा नागपुरे ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और नगर निगम अधिकारियों की उपस्थिति में हुई बैठक में स्थिति की समीक्षा की गई।
नागपुरे ने पत्रकारों से कहा,‘‘मानसून में देरी, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान और जल संसाधन विभाग द्वारा पुणे में पानी की खपत को 15 प्रतिशत तक कम करने की सिफारिश को ध्यान में रखते हुए, यह निर्णय लिया गया है कि एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति आवश्यक है।’’
उन्होंने कहा कि अतीत में जब भी बारिश में देरी और जलाशयों में पानी का स्तर कम होने से चिंता पैदा हुई , तब इसी तरह के जल राशनिंग उपाय अपनाए गए थे।
नगर आयुक्त नवल किशोर राम ने कहा कि जल विभाग ने पिछले सप्ताह एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, खड़कवासला, भामा आस्खेड़ और पावना बांधों में कुल जल 10.48 ‘टीएमसी’ है, जबकि इनकी संयुक्त क्षमता भंडारण क्षमता 46.49 ‘टीएमसी’ है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव