पुणे पुलिस ने पर्यटन वीजा पर आए तीन अमेरिकी नागरिकों को देश छोड़ने का नोटिस दिया

पुणे पुलिस ने पर्यटन वीजा पर आए तीन अमेरिकी नागरिकों को देश छोड़ने का नोटिस दिया

पुणे पुलिस ने पर्यटन वीजा पर आए तीन अमेरिकी नागरिकों को देश छोड़ने का नोटिस दिया
Modified Date: April 29, 2026 / 05:15 pm IST
Published Date: April 29, 2026 5:15 pm IST

पुणे, 29 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने तीन अमेरिकी नागरिकों को ‘भारत छोड़ने’ का नोटिस जारी किया है। इन पर पर्यटन वीजा के नियमों का उल्लंघन कर देश में धार्मिक प्रचार गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तीनों विदेशियों को हाल ही शहर के सदाशिव पेठ इलाके में धार्मिक प्रकृति के पर्चे बांटते हुए पकड़ा गया था।

एक अधिकारी ने मुताबिक तीनों अमेरिकी नागरिक पुरुष हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से एक वरिष्ठ नागरिक है, जबकि अन्य दो की उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच है।

पुलिस उपायुक्त (विशेष शाखा) संदीप भाजीभाकरे ने बताया, ‘‘तीनों अमेरिकी नागरिक पर्यटक वीजा पर आए हैं। इन्हें सदाशिव पेठ में पर्चे बांटते हुए पकड़ा गया। सतर्क नागरिकों ने इन्हें देखा और पुलिस को सूचना दी।’’

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुष्टि हुई कि तीनों अमेरिकी नागरिक हैं और पर्यटक वीजा पर भारत आए हैं।

भाजीभाकरे ने बताया, ‘‘उनके द्वारा बांटे गए पर्चे अंग्रेजी, मराठी और हिंदी में थे और उनमें ईसाई धर्म से संबंधित सामग्री थी। जांच के बाद, उन्हें पर्यटक वीजा नियमों का उल्लंघन करने के लिए ‘भारत छोड़ने’ का नोटिस जारी किया गया। उन्हें 10 मई तक देश छोड़ने को कहा गया है।’’

उन्होंने कहा कि तीनों लगभग एक सप्ताह पहले पुणे पहुंचने से पहले मुंबई में थे।

पुलिस इस मामले में उनके स्थानीय लोगों से संबंधों की भी जांच कर रही है।

भाजीभाकरे ने कहा, ‘‘हम यह जांच कर रहे हैं कि क्या कोई स्थानीय संस्था या व्यक्ति उनसे जुड़ा हुआ है।’’

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में