सरकारी कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित न किए जाने पर शिवसेना के मंत्रियों ने आपत्ति जताई
सरकारी कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित न किए जाने पर शिवसेना के मंत्रियों ने आपत्ति जताई
मुंबई, नौ जून (भाषा) शिवसेना के मंत्रियों ने मंगलवार को इस बात पर नाराजगी जताई कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति के हालिया अनावरण समारोह में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार को आमंत्रित नहीं किया गया था। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कैबिनेट बैठक में शिवसेना के मंत्रियों को बताया कि उन्होंने इस चूक के लिये जांच के आदेश दिए हैं।
फडणवीस ने छह जून को शिवाजी महाराज के 1674 में हुए राज्याभिषेक की 352वीं वर्षगांठ पर एक प्रतिमा का अनावरण किया।
सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट की बैठक शुरू होते ही शिवसेना के मंत्रियों संजय शिरसाट, शंभूराज देसाई और प्रताप सरनाइक ने यह मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर फडणवीस को पता चला कि शिंदे और पवार को आमंत्रित नहीं किया गया था, जिसके बाद उन्होंने जांच के आदेश दिए।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा हैं।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


