महाराष्ट्र के लातूर में ट्रक ने मोटरसाइकिल और कार में मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
महाराष्ट्र के लातूर में ट्रक ने मोटरसाइकिल और कार में मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
लातूर (महाराष्ट्र), 14 जून (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक ‘कंटेनर’ ट्रक ने मोटरसाइकिल और कार को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई एवं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे चाकूर कस्बे के निकट लातूर-नांदेड़ राजमार्ग पर यह हादसा हुआ जिसके बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया और अब उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ‘कंटेनर’ ट्रक नांदेड़ से लातूर की ओर जा रहा था, उसी दौरान अलगरवाड़ी फाटा के पास उसने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर एक कार से जा भिड़ा।
चाकूर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार जनार्दन कालबा येंगे (60) और सविता जनार्दन येंगे की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि दोनों अहमदपुर तहसील के तेलगांव निवासी थे और नागेशवाड़ी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में कार सवार श्रेयश सचिन वाघमारे (17) की भी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद स्थानीय निवासी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।
इस हादसे के कारण व्यस्त राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही में देरी हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वह घटना की जांच कर रही है।
भाषा
राखी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


