उज्ज्वल निकम ने उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘प्रहार’ में राजकुमार राव के अभिनय की सराहना की

उज्ज्वल निकम ने उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘प्रहार’ में राजकुमार राव के अभिनय की सराहना की

उज्ज्वल निकम ने उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘प्रहार’ में राजकुमार राव के अभिनय की सराहना की
Modified Date: June 27, 2026 / 05:08 pm IST
Published Date: June 27, 2026 5:08 pm IST

मुंबई, 27 जून (भाषा) प्रख्यात लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘प्रहार’ में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता राजकुमार राव की सराहना की है। निकम ने कहा कि अभिनेता ने इस फिल्म में प्रामाणिकता और भावनात्मक गहराई ला दी है।

यह फिल्म ‘थ्री ऑफ अस’ और ‘पाताल लोक’ के लिए मशहूर अविनाश अरुण के निर्देशन में बन रही है। ‘प्रहार’ 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब के खिलाफ चले मुकदमे में उज्ज्वल निकम की भूमिका पर आधारित है।

निकम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “राजकुमार राव ने बेहतरीन अभिनय किया है और अविनाश अरुण का निर्देशन बेहद प्रभावशाली है। ‘प्रहार’ एक सरकारी वकील के रूप में केवल मेरे सफर को ही नहीं बल्कि एक पति और पिता के रूप में भी मेरे जीवन को प्रामाणिक रूप से दर्शाती है।”

वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सभा सदस्य ने कहा, “लोग फैसलों को याद रखते हैं, लेकिन उन फैसलों को लेने से पहले की रातों को बहुत कम लोग याद करते हैं। ‘प्रहार’ उनके जीवन के उस पहलू को दिखाती है, जो कभी सुर्खियों में नहीं आई।’’

निकम ने 1993 के मुंबई सिलसिलेवार बम धमाकों और 26/11 आतंकी हमलों समेत कई चर्चित मामलों में मुकदमा लड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ऐसे मामलों में दलीलें रखीं, जिन्हें पूरा देश देख रहा था। उस जिम्मेदारी के साथ आने वाले अकेलेपन के बारे में मैंने कभी बात नहीं की। यह फिल्म उस पहलू को सामने लाती है। यह घटनाओं के प्रति ईमानदार रहती है और ऐसा करते हुए वह उस कहानी को दिखाती है, जिसे शब्दों में बयां करने में मुझे खुद कठिनाई हुई।’’

फिल्म ‘प्रहार’ में वामिका गब्बी, सिकंदर खेर और जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म सात अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स के दिनेश विजान ने किया है।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में