एशियाई अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप: भारत के पांच मुक्केबाज सेमीफाइनल में
एशियाई अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप: भारत के पांच मुक्केबाज सेमीफाइनल में
ताशकंद, आठ मई (भाषा) भारत के पांच मुक्केबाजों ने शुक्रवार को यहां एशियाई अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में यश यादव (50 किग्रा) ने किर्गिस्तान के कुबानिचबेक बोलुशोव को कड़े मुकाबले में 4-1 से हराया।
वहीं निवेश पाल (54 किग्रा) ने जापान के शिंगेन कनाई के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
70 किग्रा वर्ग में नमन कुमार ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ताजिकिस्तान के रुजिबेक मिरावोटोव को 5-0 से हराया।
लक्ष्य फोगाट (75 किग्रा) ने भी प्रभावशाली खेल दिखाते हुए चीनी ताइपे के चेंग-एन ली को 5-0 से शिकस्त देकर अंतिम चार में जगह बनाई।
अन्य मुकाबलों में करुंग अल्बर्टसन (60 किग्रा) को कजाखस्तान के एमिर मुखित के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा।
रणवीर (66 किग्रा) कजाखस्तान के इस्लाम सुलेमानोगली से 0-5 से हार गए, जबकि सिद्धांत (+80 किग्रा) भी कजाखस्तान के सबीरझान सागिम से 0-5 से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
आज चार और पदक पक्के होने के साथ अंडर-17 बालक वर्ग में भारत की कुल पदक संख्या अब पांच हो गई है।
भारतीय दल अब इस लय को बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में शीर्ष स्थान हासिल करने की कोशिश करेगा।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


