शिलांग, 27 मई (भाषा) युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने बुधवार को मेघालय के पूर्वी गारो पहाड़ी जिले के विलियमनगर के समीक्षा दौरे के दौरान खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास का मुआयना किया।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा शुरू की गई ‘पूर्वोत्तर संपर्क सेतु’ पहल का उद्देश्य केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करना और पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास कार्यों की पहुंच को गहरा करना है।
इस दौरे के दौरान खडसे ने जिले में खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया और जमीनी स्तर पर खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने कृत्रिम फुटबॉल टर्फ का दौरा किया और तांबो एडिंग में बन रहे खेलो इंडिया बहुउद्देशीय इंडोर हॉल में चल रहे काम की प्रगति की भी समीक्षा की।
खेल मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में खडसे के हवाले से कहा गया, ‘‘समावेशी और संतुलित विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण में पूर्वोत्तर क्षेत्र का एक केंद्रीय स्थान है। ‘पूर्वोत्तर संपर्क सेतु’ जैसी पहल के माध्यम से हम स्थानीय समुदायों और जिला प्रशासनों के साथ घनिष्ठ जुड़ाव सुनिश्चित कर रहे हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पूर्वी गारो पहाड़ी की समृद्ध हस्तशिल्प परंपराओं को संरक्षित करने की दिशा में हो रही प्रगति को देखकर मुझे बहुत उत्साह मिला है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि विकास जमीनी स्तर तक पहुंचे। ’’
भाषा नमिता मोना
मोना