बेंगलुरु, नौ जून (भाषा) भारत की प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ी सृष्टि किरण ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंडर-13 आयु वर्ग में सर्वोच्च रैंकिंग प्राप्त कर ली है।
अपनी अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस यात्रा में तेजी से आगे बढ़ते हुए बेंगलुरु की 13 वर्षीय खिलाड़ी ने लगातार पांच आईटीएफ जूनियर खिताब जीते और पिछले सप्ताह आईटीएफ विश्व टेनिस टूर जूनियर जे100 ग्वाटेमाला में उपविजेता रहीं।
सृष्टि ने अपनी शानदार खेल क्षमता और निरंतर सफलता के बल पर करियर की सर्वश्रेष्ठ आईटीएफ जूनियर रैंकिंग (नंबर 357) हासिल की। वह इससे अंडर-13 श्रेणी में विश्व की सर्वोच्च रैंकिंग वाली खिलाड़ी बन गईं।
सृष्टि ने केवल आठ रैंकिंग टूर्नामेंटों में भाग लिया है, जबकि रैंकिंग अधिकतम 10 टूर्नामेंटों के आधार पर तय की जाती है।
उन्होंने दो टूर्नामेंट आर्थिक और ‘लॉजिस्टिक’ कारणों से नहीं खेले, फिर भी सीमित अवसरों के बावजूद अपनी आयु वर्ग के खिलाड़ियों में शीर्ष स्थान हासिल किया।
सृष्टि ने इस उपलब्धि पर कहा, “मैं अपनी आयु वर्ग में विश्व नंबर एक बनकर बहुत खुश हूं। वर्ष की शुरुआत में मैंने इसके बारे में नहीं सोचा था, लेकिन मेरे कोच, परिवार और सहयोगी टीम की मेहनत का परिणाम मिल रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे लिए पिछले कुछ सप्ताह बहुत खास रहे। लगातार पांच खिताब जीतना और फिर एक और फाइनल तक पहुंचना मेरे आत्मविश्वास के लिए बहुत अच्छा रहा। लेकिन मुझे पता है कि अभी बहुत आगे जाना है और अपने खेल में कई सुधार करने हैं।”
भाषा
आनन्द मोना
मोना