सुदीप का शतक, बंगाल के सात विकेट पर 269 रन
सुदीप का शतक, बंगाल के सात विकेट पर 269 रन
लखनऊ, 11 अक्टूबर (भाषा) बंगाल ने सलामी बल्लेबाज सुदीप चटर्जी (116 रन) के शतक और सुदीप कुमार घरामी (90 रन) के अर्धशतकों की बदौलत शुक्रवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के पहले दिन स्टंप तक उत्तर प्रदेश के खिलाफ सात विकेट पर 269 रन बनाये।
बंगाल के कप्तान अनुस्तुप मजूमदार ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। पर सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन (05) के लिए दिन अच्छा नहीं रहा, वह यश दयाल की गेंद पर कप्तान और विकेटकीपर आर्यन जुयाल को कैच देकर पवेलियन पहुंच गये।
इसके बाद दोनों सुदीप (चटर्जी और घरामी) ने मिलकर शानदार शतकीय साझेदारी निभाकर अच्छे स्कोर की नींव रखी।
दोनों दूसरे विकेट के लिए 198 रन की साझेदारी निभाकर अच्छी स्थिति में थे लेकिन उत्तर प्रदेश के विप्रज निगम (59 रन देकर चार विकेट) ने सुदीप घरामी को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया।
सुदीप घरामी ने 161 गेंद की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया।
इसके बाद बंगाल ने लगातार चार विकेट गंवाये।
सुदीप चटर्जी आउट होने वाले छठे बल्लेबाज रहे, उन्होंने 116 रन की शतकीय पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का जड़ा।
स्टंप तक शाहबाज अहमद 26 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि सूरज सिंधू जायसवाल ने अभी खाता नहीं खोला है।
भाषा नमिता मोना
मोना

Facebook


