स्वियातेक ने एकतरफा जीत से किया फ्रेंच ओपन में अभियान का आगाज

स्वियातेक ने एकतरफा जीत से किया फ्रेंच ओपन में अभियान का आगाज

स्वियातेक ने एकतरफा जीत से किया फ्रेंच ओपन में अभियान का आगाज
Modified Date: May 25, 2026 / 06:17 pm IST
Published Date: May 25, 2026 6:17 pm IST

पेरिस, 25 मई (एपी) चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक ने सोमवार को फ्रेंच ओपन में पदार्पण कर रही ऑस्ट्रेलिया की किशोर खिलाड़ी इमरसन जोंस को पहले दौर के एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-2 से शिकस्त दी।

पेरिस की उमस भरी गर्मी में लगभग खाली पड़े स्टेडियम में स्वियातेक ने महिला वर्ग के मैच में विश्व रैंकिंग में 136वें पायदान पर काबिज 17 वर्षीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने 32 डिग्री सेल्सियस तापमान में तेजी से मैच खत्म कर अपनी फिटनेस और अनुभव का परिचय दिया।

विश्व नंबर तीन स्वियातेक को मुकाबले के दौरान केवल एक परेशानी का सामना करना पड़ा, जब पहले सेट के बाद दाहिने हाथ की मध्यमा उंगली में पड़े छाले के कारण उन्हें मेडिकल सहायता लेनी पड़ी और दोबारा टेप बंधवानी पड़ी।

मैच के बाद स्वियातेक ने कहा, “इस कोर्ट पर खेलकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। शुरुआती मुकाबले परिस्थितियों, रणनीति और गेंद की गति को समझने के लिए भी अहम होते हैं।”

ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में स्वियातेक की यह 29 मुकाबलों में 28वीं जीत रही।

महिला वर्ग में पिछले साल की उपविजेता जैसमीन पाओलिनी ने भी जीत दर्ज की। उन्होंने दयाना यास्त्रेम्स्का को 7-5, 6-3 से हराया।

पुरुष वर्ग में आठवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनाउर ने टोबी सैमुअल को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-2 से मात दी।

भाषा

आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में