टी20 विश्व कप अभ्यास मैच: जिम्बाब्वे, ओमान और नेपाल जीते
टी20 विश्व कप अभ्यास मैच: जिम्बाब्वे, ओमान और नेपाल जीते
कोलंबो/चेन्नई, तीन फरवरी (भाषा) जिम्बाब्वे ने रेयान बर्ल के अर्धशतक और तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा के तीन विकेट की बदौलत मंगलवार को यहां प्रेमदासा स्टेडियम में अपने पहले अभ्यास मैच में नीदरलैंड को 29 रन से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने नौ विकेट पर 178 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया जिसमें बर्ल ने 31 गेंद में छह चौकों की मदद से 50 रन बनाए। डियोन मायर्स ने 32 रन का योगदान दिया।
नीदरलैंड के लिए तेज गेंदबाज लोगान वैन बीक ने तीन ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए।
नीदरलैंड की टीम 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 149 रन ही बना पाई और मैच की आखिरी गेंद पर ऑल आउट हो गई।
नगारवा 11 रन पर तीन विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे। लेग स्पिनर ग्रीम क्रेमर ने 15 रन देकर दो विकेट लिए।
गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद वैन बीक ने 31 गेंद में तीन छक्कों से 40 रन बनाकर संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन टीम को लक्ष्य के करीब नहीं ले पा सके।
नेपाल ने दीपेन्द्र सिंह ऐरी (31 गेंद में नाबाद 50 रन) और आरिफ शेख (37 गेंद में नाबाद 61 रन) के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 103 रन की अटूट साझेदारी से चेपक स्टेडियम में यूएई को सात विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने छह विकेट पर 145 रन बनाए जिसमें सोहेब खान ने सबसे अधिक 38 रन बनाए।
लेग स्पिनर संदीप लामिछाने और तेज गेंदबाज करण केसी ने दो-दो विकेट लिए।
इसके जवाब में नेपाल अनुभवी बल्लेबाज कुशाल भुर्तेल और कप्तान रोहित पौडेल के विकेट सहित 45 रन तक तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में था।
हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में नौ गेंद में सबसे तेज अर्धशतक का विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले ऐरी और शेख ने मिलकर 12 चौके और तीन छक्के लगाए तथा सिर्फ 17 ओवर में टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
कोलंबो कोल्ट्स क्लब मैदान पर एक अन्य मैच में ओमान ने श्रीलंका ए को दो ओवर शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ए ने नौ विकेट पर 145 रन बनाए।
ओमान की ओर से शाह फैजल, शकील अहमद और जय ओडेदरा को दो-दो विकेट मिले।
ओमान ने इसके जवाब में 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की तरफ से आमिर कलीम ने 47 गेंद पर आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


