उत्तराखंड की राज्यपाल के रिश्तेदार की दुर्घटना में मौत: पुलिस

Ads

उत्तराखंड की राज्यपाल के रिश्तेदार की दुर्घटना में मौत: पुलिस

  •  
  • Publish Date - September 8, 2020 / 07:54 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:51 PM IST

मथुरा (उत्तर प्रदेश), आठ सितंबर (भाषा) उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के रिश्तेदार जगदीश प्रसाद मौर्य की उत्तर प्रदेश के बाजना कस्बे में दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हालांकि मृतक के परिवार का आरोप है कि उनपर लुटेरों ने हमला किया था।

पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार रात जगदीश प्रसाद मौर्य के घर से महज 20 मीटर दूर हुई।

एसपी (ग्रामीण) शिरीष चंद्र ने कहा कि मौर्य (78) साइकिल पर अपने पैतृक गांव आजनोठ से लौटते समय दुर्घटना शिकार हो गए।

उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति की मोटरसाइकिल से जगदीश को टक्कर लगी, वह उन्हें अस्पताल ले गया। हालांकि डॉक्टर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह उन्हें उनके घर के निकट छोड़कर भाग गया।

पुलिस ने कहा कि एक स्थानीय डॉक्टर ने उनका प्राथमिक उपचार किया। नोएडा में एक अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।

जगदीश मौर्य पर लुटेरों द्वारा हमला किये जाने के परिवार के आरोपों पर एसपी ने कहा कि वह उस कोण से भी मामले की जांच करेंगे क्योंकि परिवार के सदस्यों ने उनसे शिकायत की है।

एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या यह दुर्घटना का मामला प्रतीत होता है।

भाषा

जोहेब प्रशांत

प्रशांत