वाजे का सहयोगी, मुंबई का एक और पुलिसकर्मी सेवा से बर्खास्त

वाजे का सहयोगी, मुंबई का एक और पुलिसकर्मी सेवा से बर्खास्त

वाजे का सहयोगी, मुंबई का एक और पुलिसकर्मी सेवा से बर्खास्त
Modified Date: November 29, 2022 / 08:56 pm IST
Published Date: May 21, 2021 11:32 am IST

मुंबई, 21 मई (भाषा) उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के पास जिलेटिन की छड़ों के साथ एक वाहन के मिलने और उसके बाद कारोबारी मनसुख हिरन की मौत से जुड़े मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार सहायक पुलिस निरीक्षक रियाज हिसामुद्दीन काजी को शुक्रवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। एक अधिकारी ने इस बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि मुंबई के पुलिस आयुक्त ने संविधान के अनुच्छेद 311 (दो) (बी) के तहत मुंबई अपराध शाखा में कार्यरत सचिन वाजे के पूर्व सहयोगी काजी को बर्खास्त कर दिया। इस अनुच्छेद के तहत किसी सरकारी अधिकारी को बिना विभागीय जांच के सेवा से हटाया जा सकता है।

‘मुठभेड़ विशेषज्ञ’ कहे जाने वाले वाजे को भी मामले में गिरफ्तार किया गया और सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। वाजे और काजी दोनों मुंबई पुलिस की अपराध आसूचना विभाग में कार्यरत थे।

इस साल फरवरी में दक्षिण मुंबई में अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के पास एक वाहन मिला था। इस वाहन में विस्फोटक रखा हुआ था। ठाणे के कारोबारी हिरन ने दावा किया था एक सप्ताह पहले उनकी गाड़ी चोरी हो गयी थी। हिरन पांच मार्च को मृत मिले थे। बाद में मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अपने हाथ में ली।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में