महाराष्ट्र सरकार को बदनाम करने वाले सोशल मीडिया खातों के पीछे कौन है: राकांपा

महाराष्ट्र सरकार को बदनाम करने वाले सोशल मीडिया खातों के पीछे कौन है: राकांपा

महाराष्ट्र सरकार को बदनाम करने वाले सोशल मीडिया खातों के पीछे कौन है: राकांपा
Modified Date: November 29, 2022 / 07:56 pm IST
Published Date: October 6, 2020 2:17 pm IST

मुंबई, छह अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने मंगलवार को मांग की कि फेसबुक और ट्विटर को इस बात की घोषणा करनी चाहिए कि महाराष्ट्र सरकार और उसकी पुलिस को कथित तौर पर बदनाम करने के लिए बनाए गए सोशल मीडिया खातों का संचालन कौन करता है?

बड़ी संख्या में फर्जी सोशल मीडिया खाते होने के बारे में आई खबरों के बाद महाराष्ट्र सरकार में शामिल सहयोगी दल राकांपा ने यह मांग की है।

राकांपा के प्रवक्ता महेश तपासे ने एक बयान में कहा कि ये खाते अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले के संबंध में बनाए गए थे।

एक अमेरिकी विश्वविद्यालय की ओर से किए गए अध्ययन का हवाला देते हुए तापसे ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के करीब 80,000 खाते महाराष्ट्र सरकार, उसके मंत्रियों और मुंबई पुलिस को बदनाम करने के लिए खोले गए थे ताकि बिहार चुनाव में फायदा लिया जा सके।

उन्होंने मांग की, फेसबुक और ट्विटर को यह खुलासा करना चाहिए कि ये फर्जी खाते किसके हैं और किस आईपी पते पर यह खाते बनाए गए?

इससे पहले दिन में, मुम्बई पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने शहर के पुलिस आयुक्त को सोशल मीडिया पर ‘ट्रोल’ करने और उनके तथा सुरक्षा बल के खिलाफ गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल करने के लिये अज्ञात लोगों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की।

साइबर प्रकोष्ठ की पुलिस उपायुक्त रश्मि करंदीकर ने कहा, ‘‘कई सोशल मीडिया खाता धारक मुम्बई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे विभिन्न मंचों पर ट्रोल कर रहे हैं और उनके तथा बल के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में