बिहार के मुजफ्फरपुर में बाल आश्रय गृह से 10 लड़के फरार
बिहार के मुजफ्फरपुर में बाल आश्रय गृह से 10 लड़के फरार
मुजफ्फरपुर, 11 मई (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले स्थित एक बाल आश्रय गृह से 10 लड़के फरार हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम मुसहरी थाना क्षेत्र के नरौली इलाके में स्थित बाल आश्रय गृह की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस को नरौली स्थित बाल आश्रय गृह से 10 बच्चों के गायब होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लड़के आश्रय गृह की खिड़की की ग्रिल तोड़कर फरार हुए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आश्रय गृह के प्रभारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।’’
मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच और फरार लड़कों की तलाश के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘जांचकर्ता आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। यदि आश्रय गृह के अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’
मिश्रा ने बताया कि आश्रय गृह के अंदर और बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
पिछले वर्ष जुलाई में कटिहार जिले के एक आश्रय गृह से भी छह किशोर फरार हो गए थे।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


