शाहजहांपुर में युवती से मिलने आए युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया, वीडियो वायरल

शाहजहांपुर में युवती से मिलने आए युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया, वीडियो वायरल

शाहजहांपुर में युवती से मिलने आए युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया, वीडियो वायरल
Modified Date: August 29, 2026 / 06:53 pm IST
Published Date: August 29, 2026 6:53 pm IST

शाहजहांपुर (उप्र), 29 अगस्त (भाषा) शाहजहांपुर जिले में कथित तौर पर एक युवती से मिलने पहुंचे दो युवकों में से एक को पेड़ से बांधकर पीटे जाने का मामला सामने आया है और इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी और कहा कि दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में एक युवक रस्सी से पेड़ से बंधा दिखाई दे रहा है और लोग उससे नाम और पता पूछ रहे हैं।

वीडियो में वह खुद को लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र का रहने वाला बता रहा है। वीडियो में वह कह रहा है, ‘‘हमसे गलती हो गई, दोबारा नहीं आएंगे, माफ कर दीजिए।’’

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने शनिवार को बताया कि आठ साल पहले थाना खुटार के महोलिया वीरन गांव में 28 वर्षीय युवती की शादी हुई थी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद युवती की अपने रिश्ते के बहनोई राधे और सोनू से फोन पर बातचीत होने लगी। यही दोनों शुक्रवार दोपहर युवती से मिलने गांव पहुंचे थे।

एसपी ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि दोनों के युवती से बात करने के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोप है कि दोनों युवती का अपहरण करके ले जाना चाहते थे।

एसपी ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया है और वह शिकायत दर्ज कराता है तो आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गांव से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि राधे और सोनू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 (महिला के अपहरण से संबंधित) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा सं आनन्द

शुभम संतोष

संतोष


लेखक के बारे में