मुजफ्फरनगर, नौ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पारिवारिक विवाद के बाद 35 वर्षीय एक व्यक्ति की उसकी पत्नी ने कथित तौर पर जहर देकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोनू (35) के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोनू के ससुराल पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है तथा उसकी पत्नी पूजा को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यह घटना सोमवार शाम सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी इलाके में हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते पूजा पिछले कुछ वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। वह करीब तीन महीने पहले ही अपने पति के साथ रहने के लिए वापस लौटी थी।
पुलिस ने बताया कि दंपति का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच मतभेद पैदा हो गए थे।
इस बीच, एक अन्य घटना में सोमवार से लापता 25 वर्षीय युवक का शव मंगलवार को छपार थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव के निकट जंगल में मिला।
छपार थाना प्रभारी मोहित सहरावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने जहर खाया था।
पुलिस ने बताया कि संदीप कथित तौर पर मानसिक तनाव में था। उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष द्वारा कथित उत्पीड़न के कारण उसने यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत