उत्तर प्रदेश: जल जीवन मिशन योजना में लापरवाही बरतने पर 26 कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, 12 निलंबित
उत्तर प्रदेश: जल जीवन मिशन योजना में लापरवाही बरतने पर 26 कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, 12 निलंबित
लखनऊ, 25 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के हर गांव में घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए शुरू की गई जल जीवन मिशन परियोजना के कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में 26 अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक इन अभियंताओं के खिलाफ निलंबन, विभागीय कार्रवाई, कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने जैसी कार्रवाइयां की गई हैं।
अधिकारियों के मुताबिक हाल के दिनों में जल निगम कर्मियों के खिलाफ यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।
बयान के अनुसार ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता रैंक के 12 अभियंताओं को निलंबित कर दिया है। वहीं, चार अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा परियोजना के कार्यों में धीमी प्रगति को लेकर तीन अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि साथ ही शिकायत मिलने के बाद सात अभियंताओं का तबादला कर दिया गया है।
इसी साल 30 जनवरी को महोबा से गुजर रहे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने रोक लिया था। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों को ठीक नहीं किए जाने की शिकायत की थी।
इस दौरान मंत्री और विधायक के बीच खासी कहासुनी भी हुई थी।
भाषा सलीम जोहेब
जोहेब

Facebook


