उत्तर प्रदेश में आईएएस अधिकारियों का किया गया तबादला, चंद्र विजय सिंह अयोध्या के जिलाधिकारी बने

उत्तर प्रदेश में आईएएस अधिकारियों का किया गया तबादला, चंद्र विजय सिंह अयोध्या के जिलाधिकारी बने

उत्तर प्रदेश में आईएएस अधिकारियों का किया गया तबादला, चंद्र विजय सिंह अयोध्या के जिलाधिकारी बने
Modified Date: July 14, 2024 / 12:41 am IST
Published Date: July 14, 2024 12:41 am IST

लखनऊ, 13 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार देर रात 11 आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया जिनमें सोनभद्र के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह को अयोध्या का जिलाधिकारी बनाया गया है।

स्थानांतरण सूची के मुताबिक, प्रतीक्षारत निधि श्रीवास्तव को बदायूं का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि बदायूं के जिलाधिकारी मनोज कुमार को प्रयागराज स्थित शिक्षा सेवा चयन आयोग का सचिव बनाया गया है।

इसी तरह, राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की सीईओ दिव्या मित्तल को देवरिया का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। देवरिया के जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह को ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का सीईओ बनाया गया है।

शासन ने अयोध्या के जिलाधिकारी नीतीश कुमार को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है, जबकि राज्यपाल के विशेष सचिव बद्री नाथ सिंह को सोनभद्र का जिलाधिकारी बनाया गया है।

इसी प्रकार, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी को औरैया का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि औरैया की जिलाधिकारी नेहा प्रकाश को निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन के पद पर नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव प्रथमेश कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि प्रयागराज में राजस्व परिषद के सदस्य (न्यायिक) देवी शरण उपाध्याय को प्रतीक्षारत रखा गया है।

भाषा राजेन्द्र

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में