उप्र : चंदौली में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, गोलीबारी में छह घायल
उप्र : चंदौली में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, गोलीबारी में छह घायल
चंदौली, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में रविवार सुबह बच्चों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी बंदूक से की गई गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में 15 लोगों को हिरासत में लिया है।
चंदौली सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेन्द्र कुमार ने बताया कि कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हारा गांव की दलित बस्ती के निवासी राममूरत राम और सुभाष के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पहले लाठी-डंडे चले। इसी दौरान सुभाष पक्ष की ओर से लाइसेंसी बंदूक से गोलीबारी की गई, जिसमें रामदुलार (42), लखैबर (67), पंकज (22), श्यामलाल (50), मनोज (27) और मदन (17) घायल हो गए।
सीओ के अनुसार सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिस लाइसेंसी बंदूक से गोलीबारी की गई, उसे जब्त कर लिया गया है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


