उप्र : शाहजहांपुर में कांवड़ियों के दल को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, दो की मौत

उप्र : शाहजहांपुर में कांवड़ियों के दल को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, दो की मौत

उप्र : शाहजहांपुर में कांवड़ियों के दल को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, दो की मौत
Modified Date: August 12, 2026 / 10:27 pm IST
Published Date: August 12, 2026 10:27 pm IST

शाहजहांपुर, 12 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे कांवड़ियों के दल को बुधवार शाम एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में कांवड़ यात्रा में शामिल दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से पैदल कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे कांवड़ियों का दल जब कांट थाना क्षेत्र के जमौर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे कांवड़ियों के एक ट्रैक्टर ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में नीतीश कुमार (14) और प्रदीप कुमार (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल गंगवार (23) घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय दोनों मृतक कांवड़ नहीं उठा रहे थे और कांवड़ियों के साथ चल रहे थे।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सरोज कुमार ने बताया कि नीतीश और प्रदीप को अस्पताल लाए जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी। घायल राहुल गंगवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा

सं, राजेंद्र रवि कांत


लेखक के बारे में