योगी ने किया लाइनपार इलाके का नाम पूर्व कांग्रेस विधायक के नाम पर रखने का ऐलान
योगी ने किया लाइनपार इलाके का नाम पूर्व कांग्रेस विधायक के नाम पर रखने का ऐलान
मुरादाबाद (उप्र), 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद के लाइनपार इलाके का नाम अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक दाऊ दयाल खन्ना के नाम पर रखने का ऐलान किया।
आदित्यनाथ ने यह घोषणा मुरादाबाद में 365 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर की।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि उस महान व्यक्तित्व को सम्मान देने का प्रयास है जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’
उन्होंने मंच से कहा, ‘‘अब लाइनपार नहीं, दाऊ दयाल नगर कहिए श्रीमान जी।’’
आदित्यनाथ ने कहा कि खन्ना के गुरु महंत अवैद्यनाथ 1983 में गठित ‘श्री राम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति’ के अध्यक्ष थे जबकि दाऊ दयाल खन्ना इसके महासचिव के तौर पर पूरे आंदोलन से जुड़े रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खन्ना ने अपना पूरा जीवन श्री राम जन्मभूमि आंदोलन को समर्पित कर दिया और सरकार उनके योगदान का सम्मान करने के लिए लाइनपार इलाके का नामकरण उनके नाम पर करने का फैसला ले रही है।
भाषा अरुणव सलीम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


