दुबई, नौ जून (एपी) मंगलवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिकी सेना के लड़ाकू हेलीकॉप्टर के चालक दल को एक ड्रोन नौका (मानवरहित नौका) ने बचाया। होर्मुज जलडमरूमध्य एक रणनीतिक जलमार्ग है जिसे ईरान ने युद्ध के दौरान प्रभावी रूप से बंद कर दिया है। अमेरिकी सेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी सेंट्रल कमान के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया कि पानी में लगभग दो घंटे बिताने के बाद, 24-फ़ुट की एक मानवरहित नाव ने दोनों पायलटों का पता लगाया और उन्हें किनारे तक पहुंचाया।
सैन्य अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि अपाचे हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण क्या था। घटना के बारे में जारी एक सैन्य विज्ञप्ति में कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है।
यह हादसा तब हुआ जब ईरान और इजराइल के बीच पिछले दिन हुई गोलाबारी से पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ था। यह ईरान युद्ध में चल रहे संघर्ष-विराम (सीजफायर) में अब तक का सबसे बड़ा झटका था। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने मंगलवार को बताया कि इजराइल के हमले में उसकी हवाई रक्षा इकाइयों के कम से कम दो सदस्य मारे गए।
अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले किए जाने के बाद से शुरू हुए युद्ध ने दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। इसने दुनिया भर में ईंधन की कीमतें बढ़ा दी हैं और खाने-पीने की चीज़ों समेत कई ज़रूरी चीज़ों को महंगा कर दिया है।
अधिकारी अप्रैल में हुए युद्ध-विराम को संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करने वाले समझौते में बदलने में नाकाम रहे हैं, खासकर ऐसे समय में जब इज़राइल लेबनान में ईरान-समर्थित मिलिशिया हिजबुल्लाह के खिलाफ अपना सैन्य अभियान तेज और विस्तृत कर रहा है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार देर रात न्यूयॉर्क में बॉस्केटबॉल स्पर्धा एनबीए का फाइनल मैच देखने के बाद जॉन एफ. केनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की बात स्वीकार की।
उन्होंने कहा, ‘‘पायलट ठीक हैं। कोई घायल नहीं हुआ। हम कल एक रिपोर्ट जारी करेंगे। लेकिन पायलट सुरक्षित हैं।’’
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमान ने बताया कि मंगलवार को स्थानीय समयानुसार तड़के करीब 3:30 बजे ओमान के तट के पास गश्त के दौरान हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अपाचे हेलीकॉप्टर अमेरिकी सेना के लिए ऐसे समय में एक प्रमुख परिसंपत्ति रहा है, जब ईरान के कच्चे तेल के टैंकरों पर नाकाबंदी लागू की जा रही है ताकि तेहरान पर समझौते के लिए दबाव बढ़े। संयुक्त अरब अमीरात ने भी ईरान युद्ध के दौरान ईरानी ड्रोनों को मार गिराने के लिए इन हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया है।
उधर, ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर नए सिरे से विश्वास प्रकट किया।
उन्होंने कहा, ‘‘दो से तीन दिन में हमें समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है।’’ हालांकि उन्होंने इस नई उम्मीद के लिए कोई वजह नहीं बताई। ट्रंप ने कहा, “अगर हम जाकर बमबारी करते हैं – जो हम चाहें तो बहुत आसानी से कर सकते हैं, और दो-तीन हफ़्ते तक बमबारी करते रहते हैं – तो उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा। लेकिन फिर महीनों तक जलडमरूमध्य खुला नहीं रहेगा।”
एपी
प्रशांत माधव
माधव