पाकिस्तान: बलूचिस्तान में ‘शटल’ ट्रेन विस्फोट में 20 लोगों की मौत, प्रतिबंधित बीएलए ने ली जिम्मेदारी

Ads

पाकिस्तान: बलूचिस्तान में ‘शटल’ ट्रेन विस्फोट में 20 लोगों की मौत, प्रतिबंधित बीएलए ने ली जिम्मेदारी

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 05:56 PM IST

कराची, 24 मई (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को एक ‘शटल’ ट्रेन में एक शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 20 लोगों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ की खबर के अनुसार, ‘शटल’ ट्रेन क्वेटा छावनी से शहर के रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी कि तभी चमन फाटक के पास इसे निशाना बनाया गया।

बीएलए के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह हमला तब किया गया जब ट्रेन छावनी क्षेत्र से सैन्य कर्मियों को ले जा रही थी। सरकार ने हालांकि अब तक आधिकारिक तौर पर 14 लोगों की मौत की पुष्टि की, जिनमें फ्रंटियर कोर के तीन जवान शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 20 लोगों के मारे जाने की आशंका है जबकि मीडिया में प्रकाशित खबरों में मरने वालों की संख्या इससे अधिक बताई गई है।

पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने कहा कि ‘शटल’ ट्रेन में असैन्य यात्री भी थे और विस्फोट से इंजन व तीन डिब्बे प्रभावित हुए।

विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के वाहनों के शीशे और आस-पास की इमारतों के शीशे चकनाचूर हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में सवार अधिकांश यात्री आगामी ईद के त्यौहार के लिए अपने घर जाने वाली संपर्क ट्रेनों को पकड़ने की प्रतीक्षा कर रहे थे।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “आतंकवाद के ऐसे कायरतापूर्ण कृत्य पाकिस्तान की जनता के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।”

उन्होंने कहा, “हम आतंकवाद के हर रूप को खत्म करने के अपने संकल्प पर अडिग हैं।”

जियो न्यूज की एक खबर के अनुसार, रेलवे अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर विस्फोट के बाद पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने कहा कि विस्फोट के बाद सभी संबंधित संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

उन्होंने जनता से विस्फोट स्थल के पास इकट्ठा न होने का आग्रह किया ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और आपातकालीन टीमों को बिना किसी बाधा के बचाव कार्य करने में मदद मिल सके।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत