नकदी घोटाला मामले में रामाफोसा के खिलाफ महाभियोग का मार्ग प्रशस्त
नकदी घोटाला मामले में रामाफोसा के खिलाफ महाभियोग का मार्ग प्रशस्त
जोहानिसबर्ग, आठ मई (एपी) दक्षिण अफ्रीका की सर्वोच्च अदालत ने संसद में हुए उस मतदान को रद्द कर दिया है, जिसमें अधिकतर सांसदों ने नकदी घोटाले में राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा की संलिप्तता के विश्वसनीय सबूत पेश करने वाली रिपोर्ट को खारिज करने के पक्ष में वोट दिया था।
शीर्ष अदालत के इस फैसले से रामाफोसा के खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
रामाफोसा 2022 में महाभियोग की कार्यवाही का सामना करने से बच गए थे, जब उनकी अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस पार्टी (एएनसी) के सांसदों ने उस रिपोर्ट को खारिज करने के पक्ष में मतदान किया था, जिसमें राष्ट्रपति के फाला फाला गेम फार्म में एक सोफे में छिपाकर रखे गए लगभग 5,80,000 अमेरिकी डॉलर की “चोरी” की गहन जांच की सिफारिश की गई थी।
शीर्ष अदालत के फैसले का मतलब यह है कि उक्त मामले को अब गहन जांच के लिए महाभियोग समिति के पास भेजा जाना चाहिए, जो राष्ट्रपति पर महाभियोग चलाने के वास्ते मतदान कराने का निर्णय ले सकती है।
प्रधान न्यायाधीश मंदीसा माया ने कहा, “अगर जांच समिति इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि पर्याप्त सबूत मौजूद हैं, तो मामले को महाभियोग समिति के पास भेजा जाना चाहिए।”
विपक्षी दल इकोनॉमिक फ्रीडम फाइटर्स (ईएफएफ) के नेता जूलियस मालेमा ने रामाफोसा से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने रामाफोसा के खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने का आह्वान किया।
रामाफोसा ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार करते हुए दावा किया है कि यह नकदी उनके फार्म में पशुओं की बिक्री से हासिल हुई थी।
राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने चोरी की सूचना अपने सुरक्षा प्रमुख को दी थी, लेकिन घटना की जांच करने वाली संसदीय समिति ने उनके इस बयान को खारिज कर दिया और महाभियोग समिति द्वारा गहन जांच की सिफारिश की।
एपी पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


