चीनी ने पिछले साल हुए भारत-पाक संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को मदद पहुंचाने की पुष्टि की

चीनी ने पिछले साल हुए भारत-पाक संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को मदद पहुंचाने की पुष्टि की

चीनी ने पिछले साल हुए भारत-पाक संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को मदद पहुंचाने की पुष्टि की
Modified Date: May 8, 2026 / 09:19 pm IST
Published Date: May 8, 2026 9:19 pm IST

(केजेएम वर्मा)

बीजिंग, आठ मई (भाषा) चीन ने पहली बार इस बात की पुष्टि की है कि उसने पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष के दौरान इस्लामाबाद को रण क्षेत्र में प्रौद्योगिकी सहायता प्रदान की थी। चीन की आधिकारिक मीडिया ने यह जानकारी दी।

चीन के सरकारी प्रसारणकर्ता ‘सीसीटीवी’ ने बृहस्पतिवार को चीन के विमानन उद्योग निगम (एवीआईसी) के चेंगदू वायुयान केंद्र एवं अनुसंधान संस्थान के इंजीनियर झांग हेंग का साक्षात्कार प्रसारित किया।

एवीआईसी चीन के उन्नत लड़ाकू विमानों और मानवरहित वायुयान (यूएवी) का एक प्रमुख विकासकर्ता है।

हांगकांग से प्रकाशित होने वाले ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने ‘सीसीटीवी’ के हवाले से बताया कि झांग ने पिछले साल मई में चार दिवसीय संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को प्रौद्योगिकी सहायता प्रदान की थी।

पाकिस्तान की वायुसेना के पास चीन निर्मित जे-10सीई लड़ाकू विमानों का बेड़ा है, जिनका उत्पादन एवीआईसी की एक सहायक कंपनी द्वारा किया जाता है।

झांग ने कहा, ‘‘हम अक्सर लड़ाकू विमानों के उड़ान भरने की गर्जना और हवाई हमले के सायरन की लगातार आवाज सुना करते थे। मई में, सुबह होते-होते तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच जाता था। यह हमारे लिए मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से एक कठिन परीक्षा थी।’’

झांग ने ‘सीसीटीवी’ को बताया कि उनकी टीम को ‘‘रण क्षेत्र में सहायता प्रदान करने में और भी बेहतर काम करने की इच्छा’’ और यह सुनिश्चित करने की लगन ने प्रेरित किया कि उनके उपकरण ‘‘अपनी पूरी युद्ध क्षमता के साथ प्रदर्शन कर सकें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह जे10सीई (चीन निर्मित लड़ाकू विमान) के उपयोग को महज स्वीकार करना भर नहीं है। यह हमारे बीच कंधे से कंधा मिलाकर, दिन-रात काम करने से बने गहरे जुड़ाव का भी प्रमाण है।’’

भाषा सुभाष माधव

माधव


लेखक के बारे में