यूरोप को अमेरिका की जरूरत है और अमेरिका को भी यूरोप की : इटली के विदेश मंत्री

यूरोप को अमेरिका की जरूरत है और अमेरिका को भी यूरोप की : इटली के विदेश मंत्री

यूरोप को अमेरिका की जरूरत है और अमेरिका को भी यूरोप की : इटली के विदेश मंत्री
Modified Date: May 8, 2026 / 08:46 pm IST
Published Date: May 8, 2026 8:46 pm IST

रोम, आठ मई (एपी) इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से कहा कि यूरोप को अमेरिका की जरूरत है और अमेरिका को भी यूरोप की।

तजानी का यह बयान ऐसे समय आया है जब रूबियो ने इटली और वेटिकन में दो दिनों तक वार्ता की। ये बातचीत अमेरिका-इजराइल के ईरान युद्ध को लेकर हाल के हफ्तों में बढ़े तनाव को कम करने के उद्देश्य से की गई।

तजानी ने ट्रांस-अटलांटिक रिश्तों को मजबूत बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रूबियो की इस यात्रा से दोनों पक्षों के बीच तनाव घटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने ईरान युद्ध, उसके लेबनान पर पड़ रहे असर, साथ ही वेनेजुएला और क्यूबा की स्थिति पर भी चर्चा की।

रूबियो ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से भी मुलाकात की।

तजानी ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि चीजें सही दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। मुझे पूरा यकीन है कि यूरोप को अमेरिका की जरूरत है- इटली को अमेरिका की जरूरत है-और अमेरिका को भी यूरोप और इटली की जरूरत है।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क नीतियों, यूरोप पर ईरान युद्ध में अमेरिका की मदद न करने के आरोपों और पोप लियो चौदहवें के खिलाफ उनकी आलोचनाओं ने पारंपरिक रूप से दोनों मजबूत सहयोगियों अमेरिका और यूरोप के बीच व्यापार और रक्षा सहयोग को लेकर कई हफ्तों से तीखे मतभेद पैदा कर दिए हैं।

तजानी ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की कि ईरान के साथ स्थायी युद्धविराम होने के बाद इटली होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाने में मदद के लिए अपनी नौसेना भेजने के लिए तैयार है, और संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के साथ लेबनान में अपनी पहले से ही मजबूत उपस्थिति बनाए रखने के लिए भी राजी है।

ट्रंप ने ईरान युद्ध का विरोध करने के लिए पोप और इटली सरकार दोनों की आलोचना की है। मेलोनी ने अमेरिका-इजराइल की बमबारी को ‘‘अवैध’’ बताया है और पोप के बारे में ट्रंप की टिप्पणियों को ‘‘अस्वीकार्य’’ करार दिया है।

एपी आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में