आईआईटी खड़गपुर आउटरीच नेटवर्क ने ह्यूस्टन में टेक्सास एआई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया
आईआईटी खड़गपुर आउटरीच नेटवर्क ने ह्यूस्टन में टेक्सास एआई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया
ह्यूस्टन (अमेरिका), 23 अगस्त (भाषा) कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्योग से जुड़े समाधानों को बढ़ावा देने के लिए ‘आईआईटी खड़गपुर आउटरीच नेटवर्क’ के सहयोग से टेक्सास एआई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन यहां टैगोर सेंटर में किया गया।
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर, इस केंद्र को ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डीसी मंजूनाथ, टैगोर सेंटर फाउंडेशन के सह-संस्थापक और आईआईटी खड़गपुर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अशोक डेसरकार तथा आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने मिलकर शुरू किया।
मंजूनाथ ने भारत-अमेरिका के बीच बढ़ती प्रौद्योगिकी साझेदारी पर जोर देते हुए कहा कि एआई के क्षेत्र में सहयोग से संस्थागत तालमेल के नए रास्ते खुल रहे हैं। इस पहल के लिए की गई साल भर की तैयारी को याद करते हुए, उन्होंने उम्मीद जताई कि यह केंद्र आगे पूरी तरह से काम करने वाला विदेशी आईआईटी संपर्क केंद्र बन जाएगा।
कोलकाता में अमेरिकी महावाणिज्य दूत जाइल्स-डियाज ने एक वीडियो संदेश में इस अकादमिक सहयोग की सराहना की, जबकि एचसीएल टेक के सह-संस्थापक और आईआईटी के पूर्व छात्र अर्जुन मल्होत्रा ने इसकी पहुंच बढ़ाने में मदद का वादा किया।
भाषा वैभव रंजन
रंजन

Facebook


